
एसएमएस -प्रतिनिधी -सोमा बाबू डे.
मुंबई :मालाड के मालवणी गेट क्र. 8 स्थित अंबोजवाड़ी परिसर में मुख्य सड़क पर लगे नाले के लोहे के ढक्कन के टूटने से दुर्घटना का खतरा पैदा हो गया था। इस गंभीर समस्या की जानकारी जैसे ही समाचार पत्रों के माध्यम से पालिका तक पहुंची, वैसे ही प्रशासन हरकत में आया और तत्काल ढक्कन की मरम्मत कर दी गई।
हाल ही में इस सड़क का कंक्रीटीकरण किया गया था, लेकिन सड़क के बीचों-बीच स्थित नाला खुला ही रह गया था, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ था। इस मार्ग पर लगातार यातायात चलता रहता है, ऐसे में वाहन का पहिया नाले में फंसकर गंभीर दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही थी। खासतौर पर पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति अधिक जोखिम भरी थी।
कुछ दिनों पहले इसी स्थान पर एक गाय के नाले में गिरने की घटना भी सामने आई थी, जिसे बाहर निकालने के लिए अग्निशमन दल की मदद लेनी पड़ी थी। इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में डर का माहौल था।
इस बीच, स्थानीय लोगों ने सावधानी के तौर पर वहां बांस लगाकर चेतावनी देने की कोशिश की थी, लेकिन नगर पालिका की ओर से लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। हालांकि, मीडिया में खबर आने के बाद आखिरकार नगर पालिका ने ढक्कन की मरम्मत कर दी, जिससे स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली।
Smsnews great