
एसएमएस -प्रतिनिधी -सोमा बाबू डे.
मुंबई : मालाड,मालवणी स्थित अंबोजवाडी में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ‘घर बचाओ घर बनाओ आंदोलन’ की ओर से नशाबंदी रैली का आयोजन किया गया। मुंबई की बस्तियों में काम करने वाली इस संस्था द्वारा आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत शराब और अन्य नशे के खिलाफ जनजागरण रैली से हुई।
इस रैली में अंबोजवाडी के स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ घर बचाओ घर बनाओ आंदोलन के मुंबई की विभिन्न बस्तियों से आए प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। रैली के बाद महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित चर्चा सत्र के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
चर्चा सत्र में महिलाओं के अधिकारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। इसमें आवास का अधिकार, शौचालय की सुविधा, सड़कें, शिक्षा, स्वच्छता, पानी की समस्या और शराब व नशीले पदार्थों की बढ़ती लत जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
वक्ताओं ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज के युवाओं में विभिन्न प्रकार के नशे की लत बढ़ती जा रही है। शराब और नशे के प्रभाव में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और उत्पीड़न की घटनाएं सामने आ रही हैं। नशीले पदार्थों का दुरुपयोग ऐसे अपराधों के पीछे एक बड़ी वजह बन रहा है, जिसे तुरंत रोकने की आवश्यकता है।