एसएमएस – प्रतिनिधी -मिलन शहा
मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव चेक बाउंस से जुड़े एक मामले में आत्मसमर्पण करने के बाद तिहाड जेल से बाहर आ गए हैं। उन्हें हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद रिहा किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, चेक बाउंस प्रकरण में न्यायालय के आदेश के बाद राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया था। कानूनी प्रक्रिया के तहत उनकी याचिका पर सुनवाई हुई, जिसके बाद अदालत ने उन्हें अंतरिम राहत प्रदान की।
जेल से बाहर आने के बाद अभिनेता ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “बचपन से लेकर 55 साल की उम्र तक देश का बच्चा-बच्चा मेरे साथ रहा है। मुश्किल समय में जिस तरह लोगों ने मेरा साथ दिया, उसके लिए मैं सभी का दिल से आभारी हूं।”
राजपाल यादव ने अपने परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि कठिन समय इंसान को बहुत कुछ सिखाता है। उन्होंने भरोसा जताया कि वे कानूनी प्रक्रिया का पूरा सम्मान करेंगे और आगे भी दर्शकों का मनोरंजन करते रहेंगे।
गौरतलब है कि राजपाल यादव लंबे समय से हिंदी सिनेमा में अपनी कॉमिक टाइमिंग और दमदार अभिनय के लिए पहचाने जाते हैं। उनके जेल जाने की खबर से फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में हलचल मच गई थी, हालांकि अब उनकी रिहाई से समर्थकों ने राहत की सांस ली है।
मामले की अगली सुनवाई निर्धारित तारीख पर होगी।