
एसएमएस -प्रतिनिधी -उत्कर्ष बोर्ले
मुंबई : मालाड पूर्व के कुरारगांव इलाके में एक निर्माणाधीन साइट पर लापरवाही के चलते 7 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। मृत बच्चे का नाम दिव्यांश राजेश मोर्या (उम्र 7 वर्ष) है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेश मोर्या (उम्र 42 वर्ष) अपने परिवार के साथ पिछले 10 वर्षों से गांवदेवी मंदिर के पास छगन शिवा पटेल चाल में रह रहे हैं। 19 मार्च की शाम करीब 7 बजे उनका बेटा दिव्यांश घर के बाहर खेल रहा था। कुछ देर बाद वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद कुरार पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
तलाश के दौरान घर के पास स्थित माऊली साई डेवलपर्स की निर्माणाधीन साइट पर पानी से भरे गहरे गड्ढे में दिव्यांश मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि दिव्यांश गड्ढे में गिरी किसी वस्तु को निकालने की कोशिश कर रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में गिर गया।
घटना के बाद परिजनों ने निर्माण स्थल पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गहरे गड्ढे के आसपास न तो कोई सुरक्षा घेरा था, न जाली और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
इस मामले में माऊली साई डेवलपर्स के ठेकेदार दिनेश पटेल, इंजीनियर किशन और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है और निर्माण स्थलों पर सुरक्षा नियमों के पालन की आवश्यकता एक बार फिर सामने आई है।
Verd sad
Verysad will admintake responsibility?