
एसएमएस -प्रतिनिधी -उत्कर्ष बोर्ले
मुंबई :मालाड में दक्षिण मुंबई जैसा स्वच्छता मॉडल लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मालाड पश्चिम स्थित मिलाप सिनेमा कॉम्प्लेक्स और उसके आसपास के क्षेत्र में व्यापक “डीप क्लीनिंग” अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नगरसेवक योगेश वर्मा उपस्थित रहे।
हाल ही में मालाड क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण विरोधी अभियान भी चलाया गया था। सार्वजनिक स्थानों पर लंबे समय से अवैध रूप से कब्जा जमाए बैठे सड़क विक्रेताओं की दुकानें और अन्य अतिक्रमण हटाए गए। इन अतिक्रमणों के कारण इलाके में गंदगी, दुर्गंध, कचरे के ढेर और चूहों की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई थी। स्थानीय निवासियों को आने-जाने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
इसी स्थिति को सुधारने के लिए डीप क्लीनिंग अभियान चलाया गया। इस मौके पर स्थायी समिति सदस्य एवं भाजपा गुटनेता गणेश खणकर, उत्तर मुंबई भाजपा अध्यक्ष दीपक तावड़े और पी/उत्तर वार्ड के सहायक आयुक्त कुंदन वळवी भी स्वच्छता अभियान का निरीक्षण करने के लिए मौजूद रहे।
क्षेत्र में आए इस बदलाव के लिए नगरसेवक योगेश वर्मा की सक्रिय भूमिका और पहल की स्थानीय नागरिक सराहना कर रहे हैं। लोगों का मानना है कि यदि नियमित रूप से सफाई और निगरानी जारी रही तो मालाड में स्वच्छता और सुव्यवस्था में स्थायी सुधार देखने को मिलेगा।
यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण और अव्यवस्था को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से मालाड को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक सशक्त शुरुआत हुई है।
फार सुन्दर काम करत आहे
छान