
एसएमएस-प्रतिनिधी -मिलन शहा
क्रिकेट : टी-20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में रविवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए अहम मुकाबले में दक्षिण आफ्रिका ने भारतीय टीम को एकतरफा हरा दिया। तेज गेंदबाजों की शुरुआती सफलता के बावजूद भारतीय टीम मैच पर पकड़ बनाए रखने में नाकाम रही।
पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत लड़खड़ाती नजर आई, लेकिन मध्यक्रम के अनुभवी बल्लेबाज डेव्हिड मिलर ने जिम्मेदारी संभालते हुए 63 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी सूझबूझ भरी बल्लेबाजी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने निर्धारित 20 ओवर में 188 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
189 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। शीर्ष क्रम पूरी तरह विफल रहा और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ और आक्रामक रणनीति के सामने भारतीय बल्लेबाज टिक नहीं सके। पूरी टीम 18.5 ओवर में मात्र 111 रनों पर सिमट गई।
इस हार के साथ सुपर-8 चरण में भारत की शुरुआत निराशाजनक रही, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने शानदार जीत के साथ अपने अभियान की मजबूत नींव रखी। अब भारतीय टीम को अगले मुकाबलों में वापसी के लिए हर हाल में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
Sad