मालाड में अवैध निर्माण पर BMC की बड़ी कार्रवाई.

Share

एसएमएस-प्रतिनिधी -उत्कर्ष बोर्ले

चुनावी ढिलाई का फायदा उठाने वाले भूमाफियाओं को कड़ा संदेश

मुंबई : पी-उत्तर विभाग (मालाड) में अवैध निर्माणों के खिलाफ बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने सख्त रुख अपनाते हुए जोरदार ध्वस्तिकरण कार्रवाई की है। चुनावी अवधि के दौरान प्रशासनिक व्यस्तता का फायदा उठाकर तेजी से खड़े किए गए अनधिकृत ढांचों पर यह कार्रवाई भूमाफियाओं के लिए एक स्पष्ट चेतावनी मानी जा रही है।
इस संयुक्त कार्रवाई का नेतृत्व उपायुक्त भाग्यश्री कापसे और सहायक आयुक्त कुंदन वळवी ने किया। मार्वे रोड स्थित साईकृपा नगर और मालाड लिंक रोड के वळनई इलाके में यह धड़क अभियान चलाया गया।
प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस दौरान कुल लगभग 70 अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। इनमें मार्वे रोड पर करीब 40 और वळनई क्षेत्र में 30 अनधिकृत ढांचे शामिल हैं।
कार्रवाई को प्रभावी ढंग से अंजाम देने के लिए बीएमसी ने दो स्वतंत्र पथक गठित किए थे। इन पथकों का नेतृत्व अभियंता राजेश सोनवणे, सुहास घोलप, विजय मानकर और प्रशांत तावडे ने किया। अभियान में 4 जेसीबी मशीनें, 30 मजदूर और 10 अधिकारी तैनात किए गए थे।
उपायुक्त भाग्यश्री कापसे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह कार्रवाई केवल एक दिन तक सीमित नहीं है, बल्कि आगे भी अवैध निर्माणों के खिलाफ इसी तरह की सख्त मुहिम लगातार जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों को ताक पर रखकर किए गए किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने मौके पर कड़ा बंदोबस्त रखा। पुलिस सुरक्षा के चलते पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण और बिना किसी बाधा के संपन्न हुई।
बीएमसी की इस कार्रवाई से साफ संकेत मिलता है कि चुनावी माहौल का फायदा उठाकर किए गए अवैध निर्माणों पर अब सख्ती से लगाम कसी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।


Share

One thought on “मालाड में अवैध निर्माण पर BMC की बड़ी कार्रवाई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *