
एसएमएस -प्रतिनिधी -उत्कर्ष बोर्ले.
मुंबई : जनहित के लिए एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक कदम उठाते हुए तेजिंदर सिंह तिवाना ने अपने पूरे कार्यकाल का वेतन और सभी भत्ते महापौर निधि को समर्पित करने का ऐलान किया है।
हाल ही में महानगरपालिका चुनाव में वार्ड 47 से विजयी हुए तिवाना, जो स्थायी एवं विधि समिति के सदस्य भी हैं, ने आगामी पांच वर्षों तक मिलने वाला संपूर्ण मानधन और विभिन्न बैठकों के भत्ते जनसेवा के लिए दान करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में उन्होंने महापौर को औपचारिक पत्र भी सौंपा है।
इस अवसर पर तिवाना ने कहा कि,
“नगरसेवक का अर्थ ही है—नगर की सेवा करने वाला। यह सेवा निस्वार्थ भाव से होनी चाहिए। जनसेवा मेरे लिए एक संकल्प है और मेरा मानना है कि जनप्रतिनिधि का पहला कर्तव्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाना है। इसी भावना से मैंने अपना पूरा वेतन और भत्ते महापौर निधि को समर्पित करने का निर्णय लिया है।”
उन्होंने विश्वास जताया कि यह राशि जरूरतमंद नागरिकों की सहायता और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उपयोगी सिद्ध होगी।
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी ने इस बार नगर निगम चुनावों में युवा उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी है, जिससे नई ऊर्जा और नई सोच के साथ प्रशासन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।
तिवाना की यह पहल न केवल उनकी जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।
Good
Good
Great