एक तरफ कटौती, दूसरी तरफ पानी की बर्बादी…

Share

एसएमएस -प्रतिनिधी -सोमा डे.

मुंबई में जलसाठा कम होने के कारण मनपा द्वारा पानी कटौती लागू की गई है, वहीं दूसरी ओर जल पाइपलाइन लीकेज के कारण हजारों लीटर पीने के पानी की बर्बादी हो रही है।
मालवणी गेट नंबर 3 स्थित साने गुरुजी वसाहत में हाल ही में सड़क का कंक्रीटीकरण किया गया था। लेकिन इस काम के दौरान मनपा द्वारा की गई खुदाई से जमीन के नीचे की पुरानी जल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे लगातार पानी रिसाव हो रहा है। परिणामस्वरूप रोजाना हजारों लीटर पीने का पानी बहकर बर्बाद हो रहा है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार सड़क का कंक्रीटीकरण पूरा हो चुका है, लेकिन पाइपलाइन लीकेज अब भी जारी है, जिससे लाखों लीटर पानी की बर्बादी हो रही है। इसी तरह मालवणी गेट नंबर 7 स्थित शहीद अब्दुल हमीद रोड पर भी भूमिगत जल पाइपलाइन में रिसाव होने से हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है।
दोनों स्थानों पर पिछले एक महीने से पानी की लीकेज जारी है, जिसके कारण प्रतिदिन लाखों लीटर पीने का पानी बर्बाद हो रहा है। बावजूद इसके मनपा प्रशासन अब तक लीकेज रोकने में असफल दिखाई दे रहा है।
इस संबंध में स्थानीय रहिवासियों ने मनपा के पी उत्तर विभाग के जल विभाग और सड़क विभाग को कई बार शिकायत भी दी थी। सड़क कंक्रीटीकरण के दौरान भी पाइपलाइन लीकेज की जानकारी अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन संबंधित विभागों की अनदेखी के कारण आज बड़े पैमाने पर पानी बर्बाद हो रहा है।
“कंक्रीटीकरण शुरू होने के समय से ही हमने मनपा अधिकारियों को पाइपलाइन लीकेज की जानकारी दी थी, लेकिन उस पर ध्यान नहीं दिया गया। आज रोजाना लाखों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है,” ऐसा स्थानीय रहिवासी वैशाली पावसकर ने कहा।
“शहीद अब्दुल हमीद रोड पर पाइपलाइन लीकेज के कारण हजारों लीटर पीने का पानी सीधे नाले में बह रहा है। ऐसा लगता है कि मनपा ‘जल ही जीवन है’ इस नारे को भूल चुकी है। पानी कटौती करने के बजाय यदि जल लीकेज रोका जाए तो मुंबईकरों को पर्याप्त पानी मिल सकता है,” ऐसा स्थानीय रहिवासी अफरोज अंसारी ने कहा।


Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *