मालवणी में फिर ढहा † मकान, 2लोग घायल..

Share

एसएमएस -प्रतिनिधी -सोमा डे.

मुंबई :मालाड पश्चिम के मालवणी, गेट नंबर 7 स्थित न्यू कलेक्टर कंपाउंड इलाके में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एक दो मंजिला मकान अचानक ढह गया। इस हादसे में दो लोगों के मामूली रूप से घायल होने की प्राथमिक जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस तथा अन्य संबंधित प्रशासनिक एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। मलबे में कोई और व्यक्ति फंसा है या नहीं, इसकी जांच की गई। हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
अवैध निर्माणों पर प्रशासन कब जागेगा?
मालवणी में मकान और निर्माण ढहने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। क्षेत्र में अवैध और खतरनाक निर्माणों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई किए जाने का दावा प्रशासन की ओर से किया जाता है, लेकिन इसके बावजूद ऐसी घटनाएं दोबारा होने से कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का दावा है कि पिछले कुछ वर्षों में मालवणी क्षेत्र में अलग-अलग हादसों में करीब 15 से 16 निर्दोष लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद अवैध और खतरनाक निर्माणों पर स्थायी रूप से अंकुश नहीं लग पाया है।
हर हादसे के बाद प्रशासन सक्रिय होता है, कार्रवाई का दिखावा होता है और कुछ समय बाद मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है। क्या किसी बड़ी त्रासदी का इंतजार कर रहा है प्रशासन? अब मालवणीकरों का यही सवाल है। नागरिकों ने अवैध निर्माणों की तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और खतरनाक इमारतों को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की है।


Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *