
एसएमएस -प्रतिनिधी -सोमा डे.
मुंबई : मालाड पश्चिम के स्वामी विवेकानंद रोड स्थित एक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें उठने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में दुकान का लाखों रुपये का सामान जलकर खाक होने की प्राथमिक जानकारी है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आग आसपास की दुकानों तक फैलने की आशंका के बीच दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। मुख्य सड़क पर आग लगने के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ।
आग से हुए नुकसान का आधिकारिक आकलन अभी सामने नहीं आया है। आग लगने का कारण भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस, मनपा प्रशासन और दमकल विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है।