
मुंबई :मालाड पश्चिम के मालवणी अंबोजवाड़ी इलाके में बुधवार दोपहर एक महिला दोपहिया वाहन समेत खुली नाली में गिरकर घायल हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने मनपा की लापरवाही पर तीव्र नाराज़गी जताई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल को दोपहर करीब 3.45 बजे सोमा डे काम से घर लौट रही थीं। अंबोजवाड़ी के मुख्य मार्ग से गुजरते समय सामने से आ रहे ट्रक को रास्ता देने के दौरान उनकी दोपहिया सड़क किनारे बनी खुली नाली में जा गिरी।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने दौड़कर महिला और उनकी दोपहिया को नाली से बाहर निकाला। इस हादसे में सोमा डे के हाथ, पैर और कमर में चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, संबंधित नाली पिछले डेढ़ महीने से अधिक समय से खुली पड़ी है। इस संबंध में मनपा के पी उत्तर विभाग और स्थानीय नगरसेविका संगीता कोळी के कार्यालय में कई बार शिकायत भी की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
“मैंने इस घटना की जानकारी वार्ड क्रमांक 49 की नगरसेविका संगीता कोली के निजी सहायक रामदास भैसारे को दी। लेकिन उन्होंने उल्टा मुझे ही सावधानी से गाड़ी चलाने की सलाह दी। साथ ही यह भी कहा कि मनपा के पास वेल्डर नहीं होने के कारण लोहे के ढक्कन की मरम्मत या नया ढक्कन जल्द नहीं लगाया जा सकता,”
— सोमा डे, घायल दोपहिया चालक।
इस बीच प्रशासनिक जिम्मेदारी से बचने का मामला भी सामने आया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क विभाग के सब इंजीनियर शिंदे ने कहा कि “यह क्षेत्र मेरी जिम्मेदारी में नहीं आता।” इससे पहले कनिष्ठ अभियंता प्रतीक वाघमारे ने शिंदे का संपर्क नंबर देकर उनसे बात करने को कहा था।
खुली नालियों के कारण नागरिकों की जान को खतरा पैदा हो रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।
चौकट :
कुछ ही दिनों में मानसून का आगमन होने वाला है और ऐसी खुली नालियां आम नागरिकों के लिए बड़ा खतरा बन सकती हैं। इसे लेकर इलाके के लोगों में भय का माहौल है। कुछ वर्ष पहले गोरेगांव पूर्व में बारिश के दौरान एक डॉक्टर की नाली में गिरकर मौत हो गई थी। ऐसा लगता है कि मनपा उस घटना को भी भूल चुकी है।
24 ghanta ho gya avi tak koi action nhi liya gya. Kisika jan juegi to prasasan jimedari legi kya?????????