
एसएमएस -प्रतिनिधी -सोमा डे.
गैस रिसाव से आग लगने की आशंका; स्थानीय लोगों ने दमकल पहुंचने से पहले आग पर पाया काबू
मालाड, 26 अक्टूबर (संवाददाता) : मालवणी गेट नंबर 8 स्थित अंबुजवाड़ी बाजार में मोबाइल सामान की बिक्री और मरम्मत करने वाली एक सलमान मोबाईल इस दुकान में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। इस घटना में दुकान का पूरा सामान जलकर खाक हो गया। दुकान के मालिक सुलेमान खान के अनुसार, आग से करीब ढाई से तीन लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे सुलेमान खान अपनी दुकान में मौजूद थे। इसी दौरान घरेलू गैस के रिसाव के कारण अचानक आग लगने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगते ही आसपास के नागरिकों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों की तत्परता से दमकल विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया। इससे आग आसपास की दुकानों तक फैलने से बच गई।
इस भीषण आग में दुकान के मोबाइल फोन, मरम्मत का सामान और अन्य वस्तुएं पूरी तरह जल गईं। घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।