
एसएमएस -प्रतिनिधी -सोमा बाबू डे
मुंबई : मालाड मालवणी गेट नंबर 8 स्थित म्हाडा कॉलोनी में स्पीड ब्रेकर (गतिरोधक) और डिवाइडर लगाने की मांग स्थानीय निवासियों ने की है। गेट नंबर 8 के अंजनी इमारत के सामने तथा काला विद्यालय के सामने वाले सड़क का हाल ही में कंक्रीटीकरण किया गया है, जिससे सड़क पूरी तरह गड्ढामुक्त हो गई है।
हालांकि, सड़क बेहतर होने के बाद वाहन चालक तेज रफ्तार में और लापरवाही से वाहन चलाते नजर आ रहे हैं। इस क्षेत्र से बड़ी संख्या में स्कूली छात्र, अभिभावक और स्थानीय नागरिकों का आवागमन होता है। चारों दिशाओं से तेज गति से आने वाले वाहनों के कारण पैदल चलने वालों को काफी जोखिम उठाना पड़ रहा है।
कई बार दोपहिया वाहन चालकों द्वारा पैदल यात्रियों को टक्कर मारने की घटनाएं भी सामने आई हैं। अब तक कोई गंभीर हादसा नहीं हुआ है, लेकिन दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।
स्थानीय निवासियों ने मनपा प्रशासन से जल्द से जल्द इस क्षेत्र में डिवाइडर और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है, ताकि वाहनों की गति नियंत्रित हो सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
कोट: “सड़क के कंक्रीटीकरण के बाद से वाहन बहुत तेज रफ्तार में चल रहे हैं। दोपहिया चालक भी लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है।” — अफजल अंसारी, निवासी
कोट 2: “इस सड़क पर दो स्कूल होने के कारण हजारों छात्र और सैकड़ों अभिभावकों की आवाजाही रहती है। चारों तरफ से तेज रफ्तार में आने वाले वाहनों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसलिए हादसे से पहले ही यहां डिवाइडर और स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं।” — सोमा डे, दोपहिया चालक