
एसएमएस -प्रतिनिधी.
मुंबई : अमेरिका के टेक्सास राज्य में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगे) के कथित अपमान की घटना के बाद मुंबई के सामाजिक कार्यकर्ता मुहम्मद जमील मर्चेंट ने मुंबई स्थित अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास को औपचारिक शिकायत भेजकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मर्चेंट द्वारा भेजे गए पत्र के अनुसार, टेक्सास के फ्रिस्को सिटी हॉल में क्लेटन वॉकर नामक व्यक्ति द्वारा भारतीय तिरंगे का कथित रूप से अपमान किए जाने की घटना सामने आई है। इस घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए उन्होंने कहा कि तिरंगा करोड़ों भारतीयों की भावनाओं, स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों और देश की अस्मिता का प्रतीक है। ऐसे राष्ट्रीय प्रतीक का अपमान भारत सहित दुनिया भर में बसे भारतीयों की भावनाओं को आहत करता है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शिष्टाचार और लोकतांत्रिक मूल्यों के तहत सभी देशों के राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान किया जाना आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अमेरिकी प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
अपनी शिकायत में मर्चेंट ने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली, फ्रिस्को प्रशासन और संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों तक शिकायत पहुंचाकर स्थानीय और संघीय कानूनों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। दूसरी, सार्वजनिक कार्यक्रमों में सभी देशों के राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। तीसरी, इस मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ता को दी जाए।
मर्चेंट ने अपने पत्र में कहा है कि भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से मैत्रीपूर्ण संबंध और साझा लोकतांत्रिक मूल्य रहे हैं। ऐसे में इस प्रकार की घटनाओं पर समय रहते उचित कार्रवाई किया जाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में उनकी पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
Good