मालाड-मार्वे रोड बना मौत का जाल; 2 दिन में 2 दुर्घटनाये!

Share

Photo :injured Bendecit Fernandes sr. Citizen lady.

स्पीड ब्रेकर हटाने से वाहनों की रफ्तार बढ़ने का आरोप; दोबारा लगाने की मांग तेज

एसएमएस -प्रतिनिधी -सोमा डे.

मुंबई : मालाड पश्चिम के मार्वे रोड पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसों का सिलसिला जारी है। महज दो दिनों के भीतर एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। राठोडी इलाके में हुई इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। नागरिकों ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर दोबारा लगाने की मांग की है।

10 अक्टूबर को कमल तालाब, राठोडी के पास तेज रफ्तार बेस्ट बस की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। इसके बाद 12 अक्टूबर को शाम करीब सात से आठ बजे के बीच सड़क पार कर रही 67 वर्षीय बुजुर्ग महिला बेंडेकीत फर्नांडिस को मार्वे की ओर जा रहे एक अज्ञात ऑटो रिक्शा ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। इस दुर्घटना में महिला के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि उनके पैर की हड्डी भी टूट गई।

फर्नांडिस अकेली रहती हैं और उनके बच्चे काम के सिलसिले में विदेश में हैं। हादसे की जानकारी मिलने पर पड़ोसियों ने उन्हें मालाड पश्चिम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। स्थानीय निवासी जेसी कोएल्हो के अनुसार, फिलहाल पड़ोसी ही उनकी देखभाल कर रहे हैं।

स्पीड ब्रेकर हटाने से बढ़ा हादसों का खतरा?

गणेशोत्सव के दौरान बड़ी मूर्तियों के विसर्जन में बाधा न हो, इसलिए मार्वे रोड के कुछ स्थानों से मनपा ने स्पीड ब्रेकर हटा दिए थे। हालांकि, इन्हें अब तक दोबारा नहीं लगाया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसके कारण मालाड से मार्वे और मार्वे से मालाड की ओर आने-जाने वाले वाहनों की रफ्तार बढ़ गई है। नागरिकों ने स्पीड ब्रेकर दोबारा लगाने की मांग को लेकर मनपा को पत्र भी दिया है।

कई स्थान हादसों के लिहाज से संवेदनशील

स्थानीय निवासियों के अनुसार, मार्वे टी-जंक्शन, कमल तालाब, मालवणी नंबर-1 और खारोडी क्षेत्र हादसों के लिहाज से संवेदनशील बन गए हैं। इन इलाकों में डंपर, बेस्ट बस, टेम्पो, सीमेंट मिक्सर और दोपहिया वाहनों की टक्कर से पैदल चलने वाले कई लोग घायल हो चुके हैं। इनमें छोटे बच्चे, स्कूली विद्यार्थी, महिलाएं और पुरुष शामिल हैं।

प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग

जेसी कोएल्हो ने मांग की कि मनपा तत्काल स्पीड ब्रेकर दोबारा लगाए। लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग तथा स्थानीय पुलिस कानूनी कार्रवाई करे। साथ ही, हादसों में घायल लोगों और मृतकों के परिजनों को मनपा एवं राज्य सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जाए।


Share

One thought on “मालाड-मार्वे रोड बना मौत का जाल; 2 दिन में 2 दुर्घटनाये!”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *