
एसएमएस -प्रतिनिधी -सोमा डे.
मालाड, ता. १३ (संवाददाता) मालाड पश्चिम के आजमीनगर स्थित हिमगिरी इमारत के पास मुख्य सड़क पर नाले का लोहे का ढक्कन टूटकर गिर जाने से पैदल राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और अन्य वाहन चालकों की जान को खतरा पैदा हो गया है। इस सड़क पर बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में टूटे हुए नाले के ढक्कन के कारण दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
प्रभाग क्रमांक ३३ की इस सड़क पर कई नालों की हालत खराब हो चुकी है। इस संबंध में सामाजिक संस्थाओं और संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मनपा के पी-पश्चिम विभाग में कई बार शिकायतें की हैं। हालांकि, शिकायतों के बावजूद मनपा प्रशासन द्वारा कोई ध्यान नहीं दिए जाने का आरोप नागरिकों ने लगाया है।
गणेशोत्सव की पृष्ठभूमि में इस सड़क पर नागरिकों की आवाजाही बढ़ने वाली है। इसलिए मनपा प्रशासन तत्काल टूटे हुए नाले का ढक्कन लगाए। साथ ही सड़क पर स्थित अन्य जर्जर नालों का निरीक्षण कर लोहे के ढक्कनों की मरम्मत करे, ऐसी मांग नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से की गई है।
दुर्घटना होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय मनपा प्रशासन समय रहते उपाययोजना कर नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दे, ऐसी अपेक्षा व्यक्त की जा रही है।