
फोटो :मृतक प्रणिकेत प्रवीण पाटील.
एसएमएस -प्रतिनिधी -सोमा डे.
मुंबई :मढ रिट्रीट होटल के सामने मुख्य सड़क पर शुक्रवार रात करीब 11.45 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में ब्लिंकिट कर्मचारी प्रणिकेत प्रवीण पाटील की मौत हो गई। प्रणिकेत बाइक से जा रहे थे, तभी अचानक सड़क पर आई एक आवारा भैंस से उनकी बाइक टकरा गई।
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय रिट्रीट होटल के सामने सड़क पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण काफी अंधेरा था। इसी दौरान अचानक सड़क पर आई भैंस दिखाई नहीं देने से बाइक उसकी चपेट में आ गई। हादसे में प्रणिकेत के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन अस्पताल में भर्ती कराने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद मढ परिसर में शोक की लहर है। साथ ही सड़क पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने और आवारा मवेशियों के खुलेआम घूमने को लेकर स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रिट्रीट होटल के सामने मुख्य सड़क पर रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से वाहन चालकों को सड़क पर आने वाले मवेशी दिखाई नहीं देते। ऐसे में दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। नागरिकों ने प्रशासन से सड़क पर तत्काल स्ट्रीट लाइट लगाने तथा आवारा मवेशियों के बंदोबस्त की मांग की है।
नागरिकों का सवाल है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है? भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित विभागों को तत्काल ठोस कदम उठाने की जरूरत है।