
एसएमएस -प्रतिनिधी -सोमा डे.
मुंबई :मुंबई महानगरपालिका के ‘पेडेस्ट्रियन फर्स्ट’ (Pedestrian First) अभियान के तहत फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई किए जाने के बावजूद मालाड पश्चिम के जकेरिया रोड पर दोबारा अवैध अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। राजे शहाजी ग्राउंड के पास स्थित ‘वीरसेन लक्ष्मण एंड कंपनी’ नामक दुकान के सामने फिर से लोहे की सीढ़ियां और पायदान बनाए जाने से पैदल चलने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि इन लोहे की सीढ़ियों और ग्रिल के कारण फुटपाथ पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। ऐसे में पैदल यात्रियों को अपनी जान जोखिम में डालकर मुख्य सड़क से गुजरना पड़ रहा है। सड़क पर दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों के बीच दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर महानगरपालिका का कार्यालय भी स्थित है। इसके बावजूद अधिकारियों और कर्मचारियों की नजर इस अतिक्रमण पर क्यों नहीं पड़ी? क्या यह सब अधिकारियों की मिलीभगत से हो रहा है? ऐसा सवाल शिकायतकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश सोलंकी ने उठाया है।
गौरतलब है कि इससे पहले महानगरपालिका के पी/पश्चिम विभाग के मेंटेनेंस विभाग ने संबंधित दुकान के सामने फुटपाथ और सार्वजनिक सड़क पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध लोहे की सीढ़ियों और पायदानों को तोड़ दिया था। लेकिन कार्रवाई के कुछ समय बाद ही उसी स्थान पर दोबारा सीढ़ियों का निर्माण कर लिया गया।
इससे वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को विशेष रूप से परेशानी हो रही है। फुटपाथ पर चलने की जगह नहीं बचने के कारण उन्हें व्यस्त सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है।
युवा हरिजन समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश रामजी सोलंकी ने महानगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि पी/पश्चिम विभाग के संबंधित सहायक अभियंता एवं अधिकारी तत्काल मौके का निरीक्षण करें। दोबारा बनाए गए अवैध लोहे के ढांचे को हटाकर संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
सब पैसे का खेल है पैसा फेंको तमाशा देखो और अपने मन का करो