
एसएमएस :प्रतिनिधी -सोमा डे.
मुंबई : भारी बारिश के बाद मालाड (पश्चिम) के वार्ड क्रमांक 33 स्थित राठौड़ी विलेज, ओमजी कंपाउंड, खारोडी, आज़मी नगर और गावदेवी मंदिर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जलभराव हो गया, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जल निकासी के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका द्वारा लगाए गए पंप बंद होने का आरोप लगाते हुए समाजसेवक सम्राट बागुल ने पी/पश्चिम विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण के दौरान जल निकासी पंप बंद पाए गए और वहां कोई ऑपरेटर या कर्मचारी मौजूद नहीं था। इसके कारण वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, स्कूली छात्रों और स्थानीय लोगों को घुटनों तक भरे गंदे एवं नाले के मिश्रित पानी से होकर गुजरना पड़ा। स्थानीय नागरिकों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए प्रशासन पर सवाल उठाए हैं।
सम्राट बागुल ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका के आयुक्त, पी/पश्चिम विभाग के सहायक आयुक्त तथा सहायक अभियंता (मेंटेनेंस) को आधिकारिक शिकायत सौंपते हुए संबंधित ठेकेदार, कनिष्ठ अभियंता और जिम्मेदार अधिकारियों की जांच करने, ठेकेदार का भुगतान रोकने, दोषियों पर विभागीय एवं दंडात्मक कार्रवाई करने तथा बारिश के मौसम में सभी जल निकासी पंपों को नियमित रूप से चालू रखने की मांग की है।
बंद पड़े पंपों के फोटो और स्थान संबंधी साक्ष्य भी महानगरपालिका को सौंपे गए हैं। स्थानीय नागरिकों ने मामले की तत्काल जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा मानसून प्रबंधन की खामियों को दूर कर लोगों को राहत देने की मांग की है।