मालवणी में सिरफिरे युवक का कई लोगों पर धारदार हथियार से हमला.

Share

आरोपी युवक को पुलिस ले जाते हुये.

एसएमएस -प्रतिनिधी -सोमा डे.

14 वर्षीय बच्चे की गर्दन पर वार; दूसरे हमले में बच्चे की मौत की जानकारी

मुंबई : मालाड पश्चिम के मालवणी इलाके में एक सिरफिरे युवक द्वारा धारदार हथियार से कई लोगों पर हमला किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। नवीन कलेक्टर कंपाउंड परिसर में हुई इन घटनाओं से नागरिकों में भय का माहौल है। वहीं, हमले में गंभीर रूप से घायल एक बच्चे की मौत होने की जानकारी स्थानीय लोगों से मिली है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्राप्त प्राथमिक जानकारी के अनुसार, शुक्रवार मध्यरात्रि करीब दो बजे नवीन कलेक्टर कंपाउंड स्थित एक घर का दरवाजा खटखटाकर एक युवक ने पानी मांगा। घर के 14 वर्षीय नाबालिग बच्चे ने उसे पानी लाकर दिया। इसके बाद युवक ने उसी बच्चे की गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर दिया और मौके से फरार हो गया। घायल बच्चे को उपचार के लिए डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। बच्चे की गर्दन पर 15 टांके लगाए जाने की जानकारी है।

इस घटना के बाद शुक्रवार दोपहर उक्त युवक फिर हाथ में धारदार हथियार लेकर नवीन कलेक्टर कंपाउंड, प्लॉट नंबर 35, गेट नंबर 7 के पास पहुंचा। वहां उसने एक बच्चे पर लगातार वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके अलावा कई अन्य लोगों पर भी हमला किए जाने की जानकारी स्थानीय नागरिकों ने दी है।

घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय नागरिकों ने हमलावर का पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हमलावर की मौत होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। हमले में घायल लोगों की संख्या, मौत की आधिकारिक जानकारी और हमले के पीछे का वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगा।


Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *