
एसएमएस -प्रतिनिधी -सोमा डे.
मुंबई : मालवणी के गावदेवी मंदिर रोड पर नाले का ढक्कन धंस जाने से इलाके में हादसे की आशंका बढ़ गई है। इस मुख्य और व्यस्त मार्ग पर लगे लोहे के ढक्कन उखड़ने के बाद मनपा के पी-उत्तर विभाग ने मरम्मत के नाम पर अस्थायी उपाय किए थे, लेकिन कुछ ही दिनों में ढक्कन फिर टूटकर गिर गए, जिससे नाला खुला रह गया है और स्थानीय नागरिकों तथा वाहन चालकों में भय का माहौल है।
11 जून को दोपहर करीब चार बजे ईंटें लेकर जा रहे एक ट्रक का पहिया खुले नाले में फंस गया था, जिससे दुर्घटना हो गई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रक को बाहर निकालने के लिए क्रेन बुलानी पड़ी, जिससे वाहन मालिक को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। इस घटना के कारण कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं।
इसके अलावा, इस स्थान पर कई दोपहिया वाहन चालक भी मामूली दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं। हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है, लेकिन वाहनों को नुकसान पहुंचा है। मानसून के मद्देनजर खुले नाले से बच्चों और वाहन चालकों के लिए बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने मनपा प्रशासन से मांग की है कि अस्थायी उपायों के बजाय स्थायी मरम्मत कर संभावित दुर्घटनाओं को रोका जाए।