
एसएस -प्रतिनिधी -सोमा डे.
मुंबई: मालाड पश्चिम के मढ द्वीप क्षेत्र स्थित निकुंज विला में धामन सांप दिखाई देने से कुछ समय के लिए स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही सर्पमित्र रॉक्सन कोली तुरंत मौके पर पहुंचे।
रॉक्सन कोली ने धामन सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़कर उसे प्राकृतिक एवं सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को बताया कि धामन एक बिना विष वाला (गैर-विषैला) सांप है और यह इंसानों के लिए खतरनाक नहीं होता। साथ ही उन्होंने विषैले और गैर-विषैले सांपों के बीच का अंतर समझाते हुए लोगों को जागरूक किया।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे मारने का प्रयास करें। इसके बजाय तुरंत किसी सर्पमित्र या संबंधित रेस्क्यू टीम से संपर्क करें। इससे सांप को भी कोई नुकसान नहीं होता और लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है।
रॉक्सन कोली ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में सांपों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए वन्यजीवों का संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।