मुंबई मनपा के RTI पोर्टल पर केवल दो वार्ड!!

Share

एसएमएस -प्रतिनिधी – उत्कर्ष बोरले.

मुंबई : सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत नागरिकों के लिए आरटीआई आवेदन करना आसान बनाने के उद्देश्य से मुंबई महानगरपालिका (MCGM) के आरटीआई पोर्टल में आवश्यक सुधार करने की मांग एड. शारिक रजा शेख ने की है। उन्होंने दावा किया है कि पोर्टल के ‘सार्वजनिक प्राधिकरण का विवरण’ विभाग में ‘वार्ड’ के विकल्प के तहत फिलहाल केवल केडब्ल्यू (KW) और एमडब्ल्यू (MW) दो ही वार्ड उपलब्ध हैं।
मुंबई महानगरपालिका के अंतर्गत 24 प्रशासनिक वार्ड कार्यरत होने के बावजूद पोर्टल पर अन्य वार्डों के विकल्प उपलब्ध नहीं होने से संबंधित वार्ड से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के लिए आरटीआई आवेदन करने वाले नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शेख ने अपने ज्ञापन में इस संबंध में पोर्टल का स्क्रीनशॉट भी प्रमाण के तौर पर संलग्न किया है।
इसके अलावा, महानगरपालिका मुख्यालय के इंजीनियरिंग, स्वास्थ्य, लेखा, संपत्ति सहित विभिन्न विभागों के लिए सीधे आरटीआई आवेदन करने का अलग विकल्प उपलब्ध नहीं होने की ओर भी उन्होंने ध्यान आकर्षित किया है। कई आरटीआई आवेदन किसी विशेष वार्ड के बजाय महानगरपालिका की नीतियों अथवा केंद्रीय स्तर के विषयों से संबंधित होते हैं। ऐसे आवेदनों के लिए अलग श्रेणी उपलब्ध नहीं होने से नागरिकों को परेशानी हो रही है।
चार प्रमुख मांगें
शेख ने महानगरपालिका के आरटीआई पोर्टल पर सभी 24 प्रशासनिक वार्डों को शामिल करने, मुख्यालय और विभिन्न विभागों के लिए अलग आरटीआई श्रेणी उपलब्ध कराने, पोर्टल का व्यापक तकनीकी ऑडिट कराने तथा नागरिकों की सुविधा के लिए सरल ‘हेल्प सेक्शन’ और मार्गदर्शक निर्देश उपलब्ध कराने की मांग की है।
उन्होंने ज्ञापन में कहा है कि ‘सूचना का अधिकार प्रत्येक नागरिक का वैधानिक अधिकार है और तकनीकी खामियों के कारण इस अधिकार के इस्तेमाल में बाधा नहीं आनी चाहिए।’ संबंधित प्रशासन को इस मामले का तत्काल संज्ञान लेकर पोर्टल की खामियां दूर करनी चाहिए तथा की गई कार्रवाई की जानकारी नागरिकों को उपलब्ध करानी चाहिए, ऐसी मांग भी उन्होंने की है।


Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *