गोरेगाव में पेड़ गिरने से 6 माह की गर्भवती महिला गंभीर रूप से घायल.

Share

एसएमएस -प्रतिनिधी -सोमा डे.

मुंबई : महानगरपालिका (बीएमसी) की कथित लापरवाही और ढीले प्रशासन का एक गंभीर मामला सामने आया है। गोरेगांव स्थित मोतीलाल नगर क्षेत्र में सड़क पर अचानक एक पेड़ गिरने से छह माह की गर्भवती महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
यह हादसा गोरेगांव के मोतीलाल नगर-3 स्थित भारत होटल के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, दोपहिया वाहन पर जा रही 27 वर्षीय मनाली अक्षय शेलार, जो छह माह की गर्भवती हैं, अचानक एक पुराने पेड़ के गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। वाहन चला रही श्रद्धा अनिल जाधव (30) को मामूली चोटें आईं, जबकि उनके साथ मौजूद चार वर्षीय शौर्य अनिल जाधव भी हल्का घायल हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए कूपर अस्पताल पहुंचाया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मानसून से पहले नगर निगम को पुराने और जर्जर पेड़ों की छंटाई करनी चाहिए थी, लेकिन लापरवाही के कारण यह कार्य समय पर नहीं किया गया। उनका कहना है कि यदि पेड़ की समय पर छंटाई की गई होती, तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी।
इस संबंध में जब पी-साउथ विभाग के संबंधित अधिकारी निलेश धनावडे से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा, “मैं इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे सकता। इसके लिए मेरे पास अधिकार नहीं है। आप सहायक आयुक्त से बात करें।” इस जवाब से स्थानीय नागरिकों में और अधिक नाराजगी फैल गई।
इस घटना ने एक बार फिर मुंबईकरों की सुरक्षा और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित महिला के परिजनों ने घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई करने तथा घायल महिला को उचित मुआवजा देने की मांग की है।


Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *