मालवणी मे सड़क बनी तालाब, जलभराव से लोगों का स्वास्थ्य खतरे में.

Share

एसएमएस -प्रतिनिधी -सोमा डे.

मुंबई : मालाड पश्चिम के मालवणी गेट नंबर 8 स्थित आज़मी नगर क्षेत्र में बारिश के दौरान सड़क पर भारी जलभराव होने से स्थानीय नागरिकों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आज़मी नगर के अख्तर चाचा कंपाउंड के मुख्य मार्ग पर वर्षा जल की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गंदा पानी जमा हो रहा है। वहीं, क्षेत्र की नालियां जाम होने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है।
वार्ड क्रमांक 33 के इस क्षेत्र में लगभग दो हजार की आबादी रहती है। यहां नालियों का जाम होना और सड़क पर गंदा पानी जमा होना वर्षों पुरानी समस्या बन चुकी है। इस वर्ष लगातार हो रही भारी बारिश के कारण हालात और बिगड़ गए हैं, जिससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, लगातार जलभराव के कारण मच्छरों की संख्या बढ़ गई है और बुखार के मरीजों में भी वृद्धि देखी जा रही है। सड़क पर जमा गंदे पानी से दुर्गंध फैल रही है और लोगों को उसी पानी से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। गंदा पानी घरों तक पहुंचने से परिवारों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
नागरिकों ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका से मांग की है कि क्षेत्र की नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए तथा वर्षा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस समस्या से राहत मिल सके।
बॉक्स :
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क का स्तर असमान है और पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। इसी कारण नालियां जाम हो जाती हैं और गंदा पानी सड़क पर जमा रहता है, जिससे पूरे क्षेत्र में दुर्गंध और अस्वच्छता फैलती है।
कोट :
“हम स्थानीय निवासी मिलकर समय-समय पर सफाई कराते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से नियमित सफाई नहीं होती। नालियों की मरम्मत और जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि बारिश का पानी जमा न हो और लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।”
– मोमीना सद्दाम शेख, स्थानीय निवासी


Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *